Monday, 31 October 2022

महादेवी वर्मा का जीवन परिचय

(१) प्रस्तावना :-

           महादेवी वर्मा हिंदी के विशाल मंदिर की सरस्वती है | आधुनिक हिंदी साहित्य की सबसे सशक्त एवं प्रतिभावान कवयित्री है | उन्हें हिंदी साहित्य में ‘आधुनिक मीरा’ के नाम से जाना जाता है | छायावाद युग के प्रमुख चार आधार स्तंभ में एक मात्र कवयित्री के रूप में महादवी वर्मा का नाम सम्मान से लिया जाता हैं | आधुनिक हिंदी साहित्य की पद्य और गद्य साहित्य में अपनी लेखनी से विशेष जगह बनाई हैं | उन्हें साहित्य के अलावा चित्रकला, संगीत, पशु-पक्षी का लालन-पालन, समाज सेवा, नारी-शिक्षा एवं प्रकृति के प्रति विशेष स्नेह रखती थी | कविता में व्यक्त आलौकिक प्रियतम के प्रति ही हदय-मन की विरह वेदना एवं मधुर कोमलकांत पदावली युक्त भाषा-शैली उनकी निजी पहचान हैं | इसे पीड़ा का पर्याय कहने में कोई अतिश्योक्ति नहीं होंगी | उन्हें ‘यामा’ काव्य संकलन के लिए भारतीय ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था | महादेवी वर्मा का जीवन और उनका साहित्य विशाल रहस्यों का आलेखन हैं | जो पाठकों को बार-बार पढ़ने के लिए आकर्षित करता हैं |   

(२) महादेवी वर्मा का व्यक्तित्व :-

महादेवी वर्मा के जीवन से सम्बन्धी कुछ सामान्य पहलू   निम्नलिखित रूप में मिलते हैं | यह उनके व्यक्तित्व का आंशिक परिचय मात्र हैं |  

१. जन्म और जन्म स्थान :-

    हिंदी साहित्य की प्रतिभावान कवयित्री महादेवी वर्मा का जन्म २६ मार्च १९०७ ई. स. में फ़ारूँखाबाद उत्तर प्रदेश में हुआ था | उस समय में फ़ारूँखाबाद, संयुक्त प्रान्त, आगरा व अवध ब्रिटिश राज था |

२. ‘महादेवी’ का नामकरण :-

महादेवी वर्मा के जन्म के साथ परिवार में एक नये इतिहास का अध्याय लिखा गया, क्योंकि उनके परिवार में लगभग २०० वर्षो यानि सात पीढ़ियों के बाद पहली बार पुत्री का जन्म हुआ था | इसीलिए उनके बाबा बाबू बाँके बिहारी हर्ष से झूम कर घर की देवी का नाम ‘महादेवी’ रख देते हैं | इसी ऐतिहासिक घटना के आधार पर कवयित्री का नामकरण महादेवी वर्मा होता हैं | 

३. बचपन और परिवार :-  

  कवयित्री महादेवी वर्मा का बचपन बड़े लाड-प्यार से बितता हैं | इनके के पिता का नाम गोविन्द प्रसाद वर्मा और माता का नाम हेमरानी देवी हैं | पिता भागलपुर के एक कालेज में प्रधानाध्यापक थे तथा वे व्यक्तिक रूप से सुन्दर, विद्वान्, संगीत प्रेमी, नास्तिक, शिकार और धूमने के शौक़ीन एवं हँसामुखे स्वभाव के व्यक्ति थे | माता हेमरानी देवी शिक्षा, साहित्य, संगीत, धर्म परायण, कर्मनिष्ठ, भावुक  एवं संवेदनशील विचारों की धनि थी |

४. शिक्षा-दीक्षा :- 

    महादेवी वर्मा के परिवार में बचपन से उनकी शिक्षा-दीक्षा की चिंता शुरू हो जाती हैं | उन्हें शिक्षा और साहित्य का वतावरण विरासत में मिलता हैं | इनकी प्राम्भिक शिक्षा मिशन स्कूल के जरिए संस्कृत, अंग्रेजी, संगीत एवं चित्रकला के विषयों में घर पर होती हैं | उनके विवाह के कारण शिक्षा प्राप्त करने में बाधा आती हैं, फिरभी ई. स. १९१९ में क्रास्थवेट कोलेज इलाहबाद के छात्रावास में रहकर पढाई करने लगी और ई. स. १९२१ में आठवीं कक्षा में प्रान्त भर में प्रथम स्थान प्राप्त करती हैं | इसी शिक्षा जीवन के दौरान सात साल की छोटी उम्र से काव्य लेखन की शुरुआत होती है | ई. स. १९२५ में मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण के दौरान वे एक सफल कवयित्री के रूप में प्रसिद्ध हो चुकी थी | हिंदी साहित्य की राष्ट्रिय भावना की कवयित्री सुभद्राकुमारी चौहान के साथ उनकी घनिष्ठ मित्रता थी और ई. स. १९३३ में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से संस्कृत विषय के साथ एम. ए. की उच्च-शिक्षा प्राप्त करती हैं एवं इनके कार्य को देखकर कई विश्वविद्यालयों महादेवी वर्मा को डी. लिट्. की मानक उपाधि से सम्मानित किया हैं तथा वे संस्कृत, बांगला, ब्रज, अंग्रेजी, हिंदी आदि भाषा की अच्छी जानकार थी | 

५. शादी :-

महादेवी वर्मा की शादी ई. स. १९१६ में नौ साल की छोटी आयु में बरेली के पास नवाब गंज कसबे के निवासी स्वरूप नारायण वर्मा से हो जाती है | वैवाहिक जीवन में पति-पत्नी के बीच कोई वैमनस्य नहीं था, लेकिन कवयित्री को वैवाहित जीवन से विरक्ति थी | उन्होंने अपने पति के कहने पर भी दुसारा विवाह नहीं किया | वे जीवन पर्यंन्त श्वेत वस्त्र पहनती, तख़्त पर सोती और कभी शीशा नहीं देखती थी | ई. स. १९६६ में उनके पति स्वरूप नारायण वर्मा की मृत्यु हो जाती है, किन्तु उन्होंने अलौकिक प्रियतम को ही अपना पति मान लिया था | अपने रहस्यवादी प्रियतम को ईश्वर, प्रिय, देव, प्रियतम एवं परलोकवासी के विशेषणों से कविताओं में सम्बोधित करती रहती थी | 


६. नौकरी :-              

महादेवी वर्मा शिक्षा संपन्न करके तुरंत ही इलाहाबाद प्रयाग के प्रयाग महिला विद्यापीठ में प्रधानाचार्य के पड़ पर नियुक्त होती है | उसके बाद प्रयाग महिला महिला विद्यापीठ की कुलपति के उच्च पद को शोभायमान करती हैं | उस दौरान महिला शिक्षा के लिए क्रन्तिकारी कदम भी उठाती हैं | 

७. विशेष कार्य :- 

महादेवी वर्मा अपने जीवन में बौद्ध धर्म से बहुत प्रभावित थी तथा महात्मा गाँधी के विचारों से प्रभावित होकर जनसेवा का व्रत लेकर उसी कार्य को करती हैं | जिसमें ग्रामीण विकास, सामाजिक उत्थान, आत्मनिर्भरता तथा ग्राम्य-शिक्षा के लिए विशेष कार्य करती हैं | उन्हें महिला विकास के कार्य के लिए समाज-सुधारक भी कहा जाता था | समाज में बदलाव की अदम्य ईच्छा शक्ति रखती थी |

८. मृत्यु :- 

         महादेवी वर्मा ने अपने जीवन कल का अधिकांश समय उत्तर-प्रदेश के इलाहाबाद में बिताया था और ११ सितम्बर १९८७ को इलाहाबाद में रात के ९ बजाकर ३० मिनट पर उनका देहांत हो गया | अत: पीड़ा की देवी महादेवी अपने प्रियतम को प्यारी हो गई |


(३) साहित्य सर्जन :- 

महादेवी वर्मा को साहित्य के संस्कार अपने परिवार से ही मिलते हैं | माता हेमरानी देवी और पाठशाला के हिंदी प्राध्यापक से प्रभावित होकर साहित्य लेखन का आरंभ ब्रजभाष की समस्यापूर्ति से करते हैं | नौ साल की छोटी उम्र में ही उनका काव्य सर्जन आरंभ हो जाता हैं | कवयित्री बाद में खड़ीबोली से प्रभावित होकर उसी में लिखने लगती है और हिंदी साहित्य के गद्य और पद्य क्षेत्र में उनका विशिष्ट एवं अविस्मरणीय योगदान रहा हैं | 

१. कविता संग्रह :- 

१. नीहार-१९३० २. रश्मि-१९३२ ३. नीरजा-१९३४ ४. सांध्यगीत-१९३६ ५. दीपशिखा-१९४२ ६. सप्तपर्णा (अनुदित)-१९५९ ७. प्रथम आयाम-१९७४ ८. अग्निरेखा-१९९० ९. संधिनी-१९६५ १०. यामा-१९३६ (नीहार, रश्मि, नीरजा, संधिनी का एक संकलन) 

कवयित्री ने अपने काव्य-ग्रंथों का जो नामकरण किया हैं | उसमें एक क्रम हैं और भाव की दृष्टी से उसे अत्यंत उपयुक्त कहा जा सकता है | प्रभात में पहले ‘नीहार’ आता है, फिर ‘रश्मि’ अवतीर्ण होती है, फिर ‘नीरजा’ खिलती है, फिर ‘सांध्य गीत’ की बेला आती है और तब कहीं रात की छाया धिर आने पर ‘दीपशिखा’ जलाई जाती है |   

२. रेखा-चित्र :-  

१. अतीत के चलचित्र-१९४१ २. स्मृति की रेखाएँ-१९४३. 

३. संस्मरण :-

१. पता के साथी-१९५६ २. मेरा परिवार-१९७२ ३. संस्मरण-१९८३ ४. स्मृति-चित्र-१९७३. 

४. निबंध साहित्य :- 

१. शृखला की कड़ियाँ-१९४२ २. विवेचनात्म गद्य-१९४२ ३. संकल्पित-१९६९ ४. क्षणदा (ललित निबंध)-१९५६ ५. साहित्यकार की आस्था तथा अन्य निबंध-१९६२.

५. भाषण संकलन :- 

१. संभाषण-१९७४. 

७. कहानी साहित्य :-   

१. गिल्लू और अन्य कहानियाँ चंडीगर |

८. बाल-साहित्य :- 

१. ठाकुरजी भोले हैं २. आज खरीदेंगे हम ज्वाला |

९. संपादन :- 

१. चाँद (पत्रिका) २. साहित्यकार (पत्रिका) ३. हिमालय (नये-पुराने साहित्यकारों की रचनाएँ, संस्मरण, रेखाचित्र और निबंधों का संकलन) 

१०. अनुवाद साहित्य :-

१. सप्तपर्णा (ऋग्वेद से लेकर, संस्कृत, प्राकृत और अपभ्रंश के महा-कवियों की चुनी हुई रचनाओं का अनुवाद) २. रधुवंश (अप्रकाशित) 

११. नाट्य साहित्य :- 

१. प्रह्लाद-१९५८ २. शेष पूजा-१९५९, ३. मीराबाई-१९६९ ४. पारिजात अभिषेक-१९५९.  

(४) पुरस्कार और सम्मान :-

हिंदी साहित्य की प्रतिभासंपन्न कवयित्री महादेवी वर्मा को अपने साहित्यिक योगदान के लिए प्रशासनिक, अर्ध-प्रशासनिक और व्यक्तिगत संस्थानों की ओर से पुरस्कार एवं सम्मान दिये गये हैं | जो निम्नलिखित हैं- 

१. ‘यामा’ काव्य संकलन पर ई. स. १९४३ में ‘मंगला प्रसाद’ पारितोषिक तथा ‘भारत भारती’ पुरस्कार |

२. ई. स. १९५२ में उत्तर-प्रदेश परिषद की सदस्य मनोनीत | 

३. ई. स. १९५६ में भारत सरकार ने उन्हें साहित्यिक सेवा के लिए ‘पद्म-भूषण’ की उपाधि से सम्मानित किया |

४. ई. स. १९७९ में ‘साहित्य अकादमी’ की सदस्य बनाने वाली प्रथम महिला | 

५. ई. स. १९८८ में उन्हें परणोपरांत भारत सरकार की ओर से ‘पद्म-विभूषण’ की उपाधि से सम्मानित | 

६. ई. स. १९६९ में विक्रम विश्वविद्यालय, ई. स. १९७७ में कुमाऊँ विश्विद्यालय नैनीताल, ई. स. १९८० में दिल्ली विश्वविद्यालय एवम् ई. स. १९८४ में बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय वाराणसी ने उन्हें डी. लिट्. की उपाधि से सम्मानित किया था | 

७. ई. स. १९३४ में ‘नीरजा’ काव्य संग्रह के लिए ‘सेक्सरिया’ पुरस्कार | 

८. ई. स. १९४२ में ‘स्मृति की रेखाएँ’ नामक संकलन के लिए उन्हें ‘द्विवेदी पदक’ मिला था | 

९. ई. स. १९६८ में प्रसिद्ध भारतीय फ़िल्मकार मृणालसेन  ने उनके संस्मरण ‘वह चीनी भाई’ पर एक बांगला फिल्म का निर्माण किया था | जिसका नाम नील अकाशरे नीचे’ | 

१०. १६ सितम्बर १९९१ को भारत सरकार के डाकतार विभागने जयशंकर प्रसाद के साथ उनके सम्मान में डॉ रूपये का एक युगल टिकट जारी किया था | 

११. भारत की पचास शक्तिशाली महिलओं में महादेवी वर्मा नाम शामिल था |   

१२. ई. स. १९८२ में ‘यामा’ काव्य संकलन के उन्हें भारत सरकार का सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान ज्ञानपीठ पुरस्कार दिया गया था | 


(५) निषकर्ष :-  

महादेवी वर्मा हिंदी साहित्य के छायावाद युग की विशिष्ट एवं प्रतिभासंपन्न कवयित्री है | उन्होंने हिंदी साहित्य की गद्य और पद्य दोनों विधाओं में अपना मूल्यवान योगदान दिया हैं | इनकी कविओं में वैचारिक परिपक्वता है तथा कविता में व्यक्त प्रेम,  अलौकिक प्रियतम, वेदना, पीड़ा, दुख और कोमलकान्त मधुर पदावती हदय में चिरकालीन स्थान प्राप्त कर लेती हैं | यह वेदना और पीड़ा व्यक्तिक जीवन से शुरू होकर विश्वकल्याण की भावना में समाहित हो जाती हैं | इसलिए रचनाओं में छिपा मानव-कल्याण का उद्देश्य सफ़ल सिद्ध होता हैं | गद्य साहित्य में लेखिका ने नया रास्ता चुना हैं | जिसमें पशु-पक्षी और सामान्य मनुष्य को अपने साहित्य का विषय बनाया हैं | भाषा-शैली का प्रयोग भी विषय, पात्र, परिवेश के आधार पर किया हैं | अत: महादेवी वर्मा को याद किये बीना छायावाद युग की साहित्यिक चर्चा संभव ही नहीं हैं |

Friday, 21 October 2022

मृगनयनी में चित्रित इतिहास और कल्पना

  १. प्रस्तावना :-

वृंदावन लाल वर्मा जी एक ऐतिहासिक उपन्यासकार है । सामाजिक उपन्यास लेखक की अपेक्षा ऐतिहासिक उपन्यासकार को उपन्यास लिखने में अधिक सतर्क रहना पड़ता है । कारण बड़ा ही स्पष्ट है । सामाजिक उपन्यासकार जिस प्रकार से भी चाहे, घटनाओं को तोड़-मरोड़ सकता है; किन्तु ऐतिहासिक उपन्यासकार ऐसा नहीं कर सकता-उसे इतिहास के मूलभूत तथ्यों की रक्षा करनी पड़ती है, वह इतिहास का गला नहीं घोंट सकता । साथ ही उसे उपन्यास के कथानक को कल्पना के इन्द्रधनुषी वर्गों में भी रंगना पड़ता है, अन्यथा कोई भी सहृदय पाठक नीरस इतिहास के साथ माथापच्ची नहीं करना चाहेगा । कहने का तात्पर्य यह कि ऐतिहासिक उपन्यासकार को इतिहास और कल्पना में उचित समन्वय स्थापित करने के लिए अथक परिश्रम करना पड़ता है । इतिहास और कल्पना के उचित समन्वय में ही ऐतिहासिक कोटि का उपन्यास सुपाठ्य बन सकता है; अन्यथा कोई भी पाठक उसकी ओर आँख उठाकर भी नहीं देखेगा । देखेगा भी तो कुछ देर बाद उठाकर फेंक देगा । 

        इतिहास एवं कल्पना की सामंजस्य स्थापन में बाबु वृन्दावनलाल को अत्यंत सफलता मिली है । इस दृष्टि से उनके लगभग सभी उपन्यास सफल हैं । इसका मुख्य कारण यह है कि वे इतिहास की जिस घटना पर लेखनी उठाते हैं, सर्वप्रथम उसकी पृष्ठभूमि का सम्यक् अवलोकन करते हैं । कवियों जैसी कल्पना उनके पास है ही । अपनी इसी कल्पना के योग से वे इतिहास की नीरस पृष्ठभूमि में रस की सरिता बहाने लगते हैं । उनका 'मृगनयनी' उपन्यास तो इस दिशा में एक अद्वितीय उदाहरण ही प्रस्तुत करता है । कल्पना और इतिहास के सुन्दर समन्वय के कारण ही यह एक सफल ऐतिहामिक रोमांस तो कहलाता ही है, उनकी कीर्ति का अमर मानदण्ड भी माना जाता है ।


२. इतिहास और कल्पना समन्वय  :-

(अ) 'मृगनयनी' उपन्यास में इतिहास का चित्रण 

          'मृगनयनी' में उपस्थित लगभग सभी प्रधान पात्र ऐतिहासिक हैं । वर्मा जी ने मानसिंह, मृगनयनी, निहालसिंह, राजसिंह, अटल, लाखी, गयासुद्दीन, बघर्रा, बोधन विजयजंगम, बैजू, सिकन्दर आादि सभी पात्रों का चयन इतिहास से किया है । 

              ' मृगनयनी ' की राजनीतिक पृष्ठभूमि का परिचय देते हुए वर्मा जी ने लिखा है- "मानसिंह तोमर १४८६ से १५१६ तक ग्वालियर का राजा रहा ।" फरिस्ता नामक इतिहास लेखक ने मानसिंह को वीर और योग्य शासक बतलाते है । अंग्रेज इतिहास लेखकों ने मानसिंह के राज्यकाल को तोमर- शासन का स्वर्णयुग कहा है । पन्द्रहवीं शताब्दी के अन्त और सोलहवी शताब्दी के प्रारम्भ को राजनैतिक और आर्थिक दृष्टि से भारतीय इतिहास का कराल, कठोर और काला युग कहें तो अतिशयोक्ति न होगी । उत्तर में सिकन्दर लोदी और उसके सहयोगियों के परस्पर युद्ध तथा दोनों द्वारा घोर जनपीड़न, राजस्थान में राणा कुम्भा का अपने बेटे के ही हाथ से विष द्वारा वध और उसके द्वारा वहाँ की अराजकता, गुजरात में महमूद बघर्रा के अगणित, असन्तुलित एवं जनता को भूखा मारकर केवल अपना भोजन, मात्र उसी की रक्षा की चिन्ता, उस पर वासनात्मकता और रक्तपात, मालवा में गयासुद्दीन खिलजी और उसके उत्तराधिकारी नसीरुद्दीन की प्रत्याचार-प्रियता और अय्याशी, दक्षिण में वहमनी सल्तनत और विजयनगर राज्य के युद्ध और  सल्तनत का पाँच सल्तनतों में बिखर जाना, जौनपुर, बिहार और बंगाल में पठान सरदारों की निरन्तर नोच- खसोट और इन सबके लगभग बीच में ग्वालियर । ग्वालियर पर सिकन्दर लोदी के पिता बहलोल ने आक्रमण किये, फिर सिकन्दर ने ग्वालियर का कचूमर निकालने में कसर नही उठा रखी । सिकन्दर ग्वालियर पर पाँच बार वेग के साथ आया । पाँचों बार उसको मानसिंह के सामने से लोट जाना पड़ा । उसके दरबारी इतिहास लेखकों—अखबार नवीसों — ने लिखा है कि मानसिंह ने प्रत्येक बार सोना-चाँदी देने का वादा- सोना चांदी नहीं-देकर टाला । आश्चर्य है सिकन्दर सरीखा कठोर योद्धा मान भी लेता था । अन्त में सिकन्दर को १५०४ में आगरा का निर्माण इसी मानसिंह तोमर को पराजित करने के लिए करना पड़ा, इसके पहले आगरा एक नगण्य–सा स्थान था । तो भी सिकन्दर सफल न हो पाया । ग्वालियर पर घेरा डालकर नरवर पर चढ़ाई कर दी । नरवर ग्वालियर राज्य में था । उस पर दावा राजसिंह कछवाहा का था । राजसिंह ने सिकन्दर का साथ दिया । तो भी नरवर वाले ११ महीने तक लगातार युद्ध में छाती अड़ाए रहे । जब खाने को घास और पेड़ों की छाल तक अलभ्य हो गई, तब उन लोगों ने श्रात्म– समर्पण किया । फिर सिकन्दर ने मन की जलन को नरवर स्थित मन्दिर और मूर्तियों पर निकाला–वह छः महीने इसी उद्देश्य से नरवर में रहा । लेखक के अपने शब्दों में- “ऐसे युग में इतने संकटों में भी मानसिंह हुआ और उसने तथा उसकी रानी मृगनयनी ने जो कुछ किया उसका प्रत्यक्ष प्रमाण आज भी हमारे सामने है । ग्वालियर किले के भीतर मान मन्दिर और गूजरी महल हिन्दू- वास्तुकला के अत्यन्त सुन्दर और मोहक प्रतीक हैं तथा ध्रुवपद और धमार की गायकी और ग्वालियर का विद्यापीठ आज भी भारत भर में प्रसिद्ध हैं l” फारसी की तारीख “मीराते सिकन्दरी” इस बात का प्रमाण है कि गुजरात का महमूद बघरॉ नित्यप्रति बहुत अधिक कलेवा और भोजन करता था । इतिहास इस बात का भी साक्षी है कि मालवा के सुल्तान नसीरुद्दीन के पन्द्रह हजार बेगमें थीं । अपने बाप को उसने विष देकर मरवा डाला था । राज्य प्राप्ति में उसका एक ही उद्देश्य अन्तनिहित था- वह था केवल काम वासना की तृप्ति । ये सभी विशुद्ध ऐतिहासिक योजनाएँ हैं । 

         विजयजंगम लिंगायत था । लिंगायत सम्प्रदाय का वासवपुराण दक्षिण में बारहवीं शताब्दी में लिखा गया था । इस सम्प्रदाय में ववर्–भेद का तिरस्कार किया गया है और कायिक श्रम को विशेष महत्त्व दिया गया है । इस सम्प्रदाय ने अहिंसा, सदाचार और मादक वस्तु–निरोध का प्रबल समर्थन किया है । विजयजंगम मानसिंह का मित्र था । यह भी एक ऐतिहासिक सत्य है । 

(ब) 'मृगनयनी' उपन्यास में कल्पना का चित्रण

        लाखी और अटल ने अन्तर्जातीय विवाह किया था, इतिहास इस बात का साक्ष्य भर रहा है । लाखी और अटल से ही सम्बद्ध नटों की भी कहानी है; किंतु उनके नाम पोटा और पिल्ली रूप में उपन्यासकार द्वारा कल्पित हैं । 

       इतिहास इस बात की भी पुष्टि करता है कि विवाह से पूर्व मृगनयनी ने मानसिंह से जो वचन लिये थे, उनमें एक यह भी था कि राई गाँव से ग्वालियर के किले तक सांक नदी की नहर ले जाई जाय । राजा ने इस नहर को बनवाया था और उसके अवशेष अब भी विद्यमान हैं ।

    किंवदन्तियाँ हैं कि मृगनयनी के अतिरिक्त राजा मानसिंह के आठ रानियाँ और भी थीं । बड़ी रानी से एक पुत्र था-विक्रमादित्य, जो मानसिंह के बाद राजगद्दी का अधिकारी हुआ और मृगनयनी से दो पुत्र थे-राजे और बाले । 

    बोधन पुजारी भी ऐतिहासिक व्यक्ति है । सिकन्दर की छावनी में उसका वध करा दिया गया था, यह भी ऐतिहासिक तथ्य है । 

     बैजू एक ऐतिहासिक व्यक्ति है, इसमें तो दो मत नहीं हैं; किन्तु वह मानसिंह के समय था और उसी के दरबार का गायक था, इस विषय में विद्वान् एकमत नहीं हैं । वर्माजी उसे स्पष्ट रूप से ही मानसिंह का दरबारी गवैया मानते हैं । उनका कहना है-"बैजू मानसिंह के दरबार में था । मृगनयनी और मानसिंह के सहयोग से उसने चार प्रकार की टोड़ी रागिनियों का आविष्कार किया जिसमें से एक– 'गूजरी टोड़ी' अब भी अनेक गवैया गाते हैं । ध्रुवपद को धमार परिपाटी में परिवर्तित करने का काम बैजू ने मानसिंह के आग्रह और अपनी रसिकता के कारण किया था ।" वर्माजी ने यह भी खोज की है कि बैजू चंदेरी का ही रहने वाला था । मानसिंह के दरबार में बैजू के अस्तित्व के बारे में मतभेद रहते हुए भी, किसी ने उसके अन्यत्र होने के प्रमाण प्रस्तुत नहीं किये हैं, अतः वर्माजी का अनुमान और विचार ऐतिहासिक ही कहा जायगा ।  

     इतिहास के ये ही वे सूत्र हैं जिनसे समग्र 'मृगनयनी' उपन्यास का ताना-बाना बुना गया है । इन सूत्रों को परस्पर सम्बद्ध करने के लिए उपन्यासकार ने कल्पना का प्राश्रय लिया है । कल्पना का दूसरा उद्देश्य उपन्यास में रोचक प्रसंगों का स्थापन करना भी है ।

    मृगनयनी पढ़ने पर ऐसा लगता है कि वर्मा जी का मूल उद्देश्य पाठक को पन्द्रहवीं शताब्दी के अन्त तथा सोलहवीं शताब्दी के प्रारम्भ की समस्त भारत की राजनीतिक स्थिति से अवगत करा देना है । अपने इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए उसे बघर्रा और गयासुद्दीन का स्थान देना अनिवार्य था, किन्तु उसके सामने प्रश्न था कि इन्हें उपन्यास में किस प्रकार लाया जाय । अपनी इसी समस्या को सुलझाने के लिए उसे इन दोनों को मृगनयनी और लाखी की ओर आकृष्ट होना दिखाना पड़ा । गयासुद्दीन कामुक प्रवृत्ति का था ही, अतः इस प्रकार की कल्पना के विषय में किसी प्रकार का संदेह ही नहीं रह जाता । वह एक स्पष्ट इतिहास बन गई हैं और फिर सौन्दर्य किसे अपनी ओर आकृष्ट नहीं करता । मटरू नसीरुद्दीन तक से मृगनयनी और लाखी के सौंदर्य की प्रशंसा करने से नहीं चूकता । 

      नटों के विषय में जो किंवदन्ती मिली उसका भी उसने कथा-सूत्रों को मिलाने के लिए दूसरे प्रकार से प्रयोग किया है । पोटा और पिल्ली जैसे पात्र और नाम वर्माजी के अपने मस्तिष्क की उपज हैं । 

    मानसिंह और मृगनयनी का जिस प्रकार उपन्यासकार ने मिलन कराया है, वह भी कल्पना-जय ही है । इतिहास यह तो बताता है कि मृगनयनी अत्यधिक निर्धन गूजर कन्या थी तथा मानसिंह के साथ उसका विवाह हुआ था; किन्तु दोनों का प्रथम मिलन किस प्रकार हुआ, इस विषय में इतिहास मौन है । उपन्यासकार ने मानसिंह के धीरोदात्त चरित्र की पूर्ण रक्षा करते हुए उसे राई गाँव बुलवाया है । यद्यपि बोधन उससे पूर्व भी राजा को दो बार राई आकर शिकार खेलने तथा अनिन्ध सुन्दरी मृगनयनी को देखने का निमन्त्रण दे आया है, किंतु राजा का पहला कर्त्तव्य अपनी राज व्यवस्था को ठीक रखना होता है अतः इस प्रकार के व्यर्थ के मनोविनोद के लिए उसके पास स्थान कहाँ ? वह राई गाँव तभी आता है जब मृगनयनी और लाखी द्वारा दो तुर्क मारकर गिरा दिये जाते हैं और परिणामस्वरूप सारे गाँवों में गड़बड़ी मच जाती है । स्पष्ट है, सुवरों के वध की कल्पना करके उपन्यासकार ने मानसिंह के चरित्र में चार चाँद लगा दिए हैं । उसके कार्य व्यापार एवं कृतित्व को पूर्ण ऐतिहासिक भी बना दिया है ।

      'मृगनयनी' में उपन्यासकार वर्मा जी ने ऐतिहासिक सूत्रों को मिलाने के लिए जो जो कल्पनाएं की हैं वे सब तो इतिहास ही बन गई हैं । उनसे भी अधिक कल्पनाये उसने उपन्यास में रोचकता का आधान करने के लिए की हैं । यह स्मरणीय है कि 'मृगनयनी' के रूप में वर्माजी एक ऐतिहासिक-रोमांस का सर्जन कर रहे थे । कल्पना रोमांस का प्रमुख वैशिष्ट्य है । एक आधुनिक आलोचक के शब्दों में यदि हम रोमांस की परिभाषा देना चाहें तो कह सकते हैं कि रोमांस शब्द से अभिप्राय साहस, सदाशयता, वीरता, त्याग, कष्ट-सहिष्णुता, पर दुःख-कातरता, कर्तव्यशीलता, प्रेम की शक्ति के वर्णन, प्रकृति एवं मानव प्रकृति के भावनात्मक कल्पनात्मक सौंदर्यबोध श्रादि से है l” इस शब्द के अन्तर्गत उत्साह, स्फूति एवं जागृति है न कि अकर्मण्यता का भाव । जीवन संग्राम में ध्रुव, अटल और अडिग रहकर प्रेम करते रहना और प्रतिकूल परिस्थितियों में भी पड़कर बड़े-से-बड़े कष्टों के सामने सिर न झुकाना, हार न मारना, यही रोमांस है । 'मृगनयनी' उपन्यास में ये सभी प्रकार के गुण कूट-कूट कर भरे गये हैं । मानासिंह, मृगनयनी, लाखी, अटल, राजसिंह आदि प्रधान पात्र इन्हीं सब गुणों का प्रतिनिधित्व करते हैं । अतः निश्चय ही इसे एक ऐतिहासिक रोमांस, वह भी पूर्ण सफल, कहा जा सकता है ।    

        प्रेम जीवन की मूलभूत वृत्ति है । सर्जनात्मक साहित्य में जितनी रोचकता इस वृत्ति के चित्रण से आती है, उतनी किसी में और किसी से नहीं । वर्माजी ने अपनी कल्पना के माध्यम से 'मृगनयनी' में उदात्त प्रेम का बड़े मनोयोग से चित्रण किया है । मानसिंह और मृगनयनी का जीवन आद्यन्त प्रेममय है । इन दोनों का प्रेम कोई साधारण प्रेम नहीं, वह तो इतना भव्य है कि उनके कारण ऐसी भव्य कलाओं का निर्माण हुआ कि भारत आज भी उन पर गर्व करता है । क्या मानसिंह और मृगनयनी का संगीत तथा वस्तु-कला के लिए वह योगदान विस्मृत कर देने की वस्तु नहीं है जो कि आज भी ग्वालियर के किले में अपने मुँह से बोलकर सबको अपनी कहानी स्वयं कह देता है । वर्मा जी ने उनके इस पावन प्रेम से उपन्यास को रच दिया है । जिन-जिन अध्यायों में उन दोनों की इस वृत्ति का चित्रण है वे पाठक के मन को मोह लेते हैं ।

      जंगल में शिकार के अवसर पर जब मानसिंह मृगनयनी से विवाह का प्रस्ताव रखता है तब मृगनयनी के हृदय में जो कोमल वृत्तियाँ चढ़ती उतरती हैं तथा जिस प्रकार वह उन्हें व्यक्त करती है, वह सब कुछ देखते ही बनता है । प्रेम जैसी कोमल वृत्ति के अंकन से ही उपन्यास का यह अध्याय असंदिग्ध रूप से सर्वश्रेष्ठ है । उपन्यास का वह अध्याय भी पाठक को बरबस अपनी ओर आकृष्ट कर लेता है जिसमें मानसिंह मृगनयनी के मुख पर पड़ती हुई संध्या कालीन सूर्य की किरणों को देखकर उससे प्रश्न करता है कि ये किरणें उसकी मुस्कान के साथ क्यों खेला करती हैं । 

       अटल और लाखी का प्रेम-दृश्य केवल एक ही और वह भी जंगल में दिखाया गया है, किन्तु फिर भी वह हमारे हृदय पर एक स्थायी प्रभाव छोड़ जाता है । निहालसिंह का कला के प्रति जिस प्रेम का चित्रण है वह भी कम महत्त्वपूर्ण नहीं, क्योंकि कला उसे भले ही धोखा दे रही हो, परन्तु निहाल सिंह उसे हृदय से प्यार करता है । ग्वालियर जाने से पूर्व कला ने जिन प्रणय भरी दृष्टियों से राजसिंह को देखा था, उपन्यास में उसका भी एक विशेष स्थान है । कहने का तात्पर्य यह है कि उपन्यासकार ने प्रणय के चित्रण में अपनी कल्पना को उन्मुक्त विस्तार प्रदान करते हुए उपन्यास को अत्यधिक रोचक और सफल ऐतिहासिक रोमान्स बना दिया है ।

      शौर्य भी एक बड़ी ही उदात्त वृत्ति है । वर्माजी ने 'मृगनयनी' में इसका भी जी भरकर उपयोग तथा उन्मुक्त चित्रण किया है । यद्यपि यह ठीक है कि वह युग ही युद्धों का था और ऐसी स्थिति में उपन्यासकार ने जो शौर्य का चित्रण किया है वह उसकी अपनी कोई मौलिक उद्भावना नही थी; तथापि बात ऐसी नहीं है । वर्मा जी ने इतिहास की नीरस मरुभूमि में कल्पना की सरिता बहाई है । ऐतिहासिक पात्रों को भी उन्होंने अपनी कल्पना से वह स्थान प्रदान करा दिया है जिसे इतिहास भी कभी नहीं दिला सकता । निहाल की वीरता, शौर्य और निर्भीकता भले ही इतिहास सम्मत हों; किन्तु वर्माजी ने जिस प्रकार उसके इन गुणों का चित्रण किया है, उससे उसका महत्त्व इतिहास को अपेक्षा कहीं अधिक बढ़ जाता है । मानसिंह, मृगनयनी, लाखी और अटल सभी इतिहास और कल्पना में शौर्य अपनी पराकाष्ठा को पहुंचा हुआ है । मृगनयनी और लाखी तो स्त्री होकर भी बड़े-बड़े योद्धाओं का सामना करने की हिम्मत रखती हैं । अटल ने जिस प्रकार वीरगति पाई है, वह इतिहास में न सही, उपन्यास में अवश्य अमर रहेगी । मानसिंह जब तक जीवित रहा, सिकन्दर के दाँत खट्ट करता रहा । इन सभी ऐतिहासिक शौर्यो को एक नव्य कलात्मक साँचा प्रदान करके लेखक ने उन्हें शाश्वत श्रायाम दे दिया है । लाखी ने जिस प्रकार नटों का ध्वंस किया वह भी कल्पना प्रसूत है और एक प्रचलित किम्वदन्ती पर आधारित है । उपन्यास में इस प्रकार की कल्पना का उद्देश्य पाठक के हृदय में लाखी के प्रति और अधिक श्रद्धा भावना उत्पन्न करना है । किम्वदन्तियों का उपयोग कितनी सुघड़ता के साथ किया जा सकता है, लेखक ने बड़ी कलात्मकता से स्पष्ट कर दिया है । इसमें तो सन्देह नहीं कि अन्तर्जातीय विवाह करने पर लाखी और अटल को अनेक कष्ट सहने पड़े होंगे; किन्तु उपन्यासकार ने अपनी कल्पना के द्वारा बढ़ा-चढ़ाकर उनके जिन कष्टों का वर्णन किया है, उनसे निस्संदेह पाठक के हृदय में लाखी और अटल के लिए पूर्ण सहानुभूति उत्पन्न हो जाती है । लाखी और अटल की कष्ट-सहिष्णुता का ही परिणाम है कि कुछ देर के लिए पाठक मूल वृत्त को विस्मृत कर उन दोनों की ही कथा में आनन्द लेने लगता है । ऐसा करके लेखक ने कथा को आधुनिक आयाम भी प्रदान कर दिया है । बोधन के वध से पूर्व वर्माजी ने उसके चरित्र में जिस उदारता का प्राधान किया है, उससे वह पाठक की सहानुभूति का पूर्ण पात्र बन जाता है । जबकि इससे पूर्व पाठक उसकी धर्मान्धता के कारण उसे अवज्ञा की दृष्टि से देखता है । मृगनयनी और लाखी के लड़ने-झगड़ने और फिर तुरंत ही नितान्त स्नेहिल व्यवहार के जो दृश्य प्रति किए हैं, वे पूर्णतः कल्पनाजन्य हैं 

३. निष्कर्षत :-

      निष्कर्षत: यह कहा जा सकता है कि इतिहास और कल्पना का अद्भुत समन्वय ही 'मृगनयनी' उपन्यास की अपूर्व लोकप्रियता का जनक है । उपन्यासकार ने इतिहास के तथ्यों को लेकर उन्हें अपनी कल्पना से ऐसा मोहक रूप प्रदान किया है कि पाठक लालायित नेत्रों ने उन्हें हृदयंगम करते नहीं अघाता ।